चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने ‘सहकार से समृद्धि–सहकारिता सप्ताह 2026’ का भव्य शुभारंभ करते हुए सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। दिल्ली सचिवालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सहकारिता जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर सप्ताहभर चलने वाले जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार आधुनिक, पारदर्शी और डिजिटल सहकारिता व्यवस्था के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विज़न को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से सहकारिता सप्ताह के दौरान राजधानी में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बताया कि सप्ताहभर नरेला, द्वारका, रोहिणी सहित विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत लगभग 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ऑनलाइन-ऑफलाइन क्विज़ प्रतियोगिताएं, सेमिनार, पैनल चर्चा, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता अभियान और सहकारिता वैन के माध्यम से लोगों को सहकारी संस्थाओं की भूमिका और डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सहकारी संस्थाओं को अधिक जवाबदेह, सक्षम और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें और सहकारिता के माध्यम से आर्थिक समृद्धि को नई गति मिले। उन्होंने दिल्लीवासियों से सहकारिता सप्ताह के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही विकसित दिल्ली और विकसित भारत-2047 का लक्ष्य साकार होगा।
सहकारिता सप्ताह का समापन 6 जुलाई को भव्य समारोह के साथ होगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी संस्थाओं, प्रतियोगिताओं के विजेताओं और सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।