
सिलचर, सारिमुल लस्कर: असम-मेघालय सीमा पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार देर शाम दिगरखाल के पुराने एमवीआई गेट के पास गुप्त सूचना के आधार पर गुमड़ा पुलिस ने एक तस्कर को भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर एक अस्थायी नाका चेकिंग पॉइंट स्थापित किया था। चेकिंग के दौरान, मेघालय जा रही एक संदिग्ध चारपहिया वाहन ( ML-11-9091) को रुकवाकर तलाशी ली गई। इस दौरान गाड़ी के अंदर बेहद चालाकी से छिपाई गई लगभग 190 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।पकड़े गए आरोपी की पहचान मेघालय निवासी एमलांग लांगरम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कछार जिले के किसी अज्ञात स्थान से मादक पदार्थों की यह खेप लेकर मेघालय ले जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण उसकी योजना नाकाम हो गई।
पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। फिलहाल, गिरफ्तार तस्कर गुमड़ा पुलिस की हिरासत में है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और मादक पदार्थों के मुख्य स्रोत तक पहुँचने के लिए गहन जांच कर रही है।