विदाई समारोह के साथ आयोजित हुआ स्पोर्ट्स कमेटी का स्नेह मिलन कार्यक्रम

फ़िरोज़ खान
सीसवाली। स्थानीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा के लोकप्रिय एवं ऊर्जावान शाखा प्रबंधक नितिन चौधरी के स्थानांतरण पर स्पोर्ट्स कमेटी सीसवाली द्वारा भावभीना विदाई समारोह एवं वार्षिक स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में बैंक अधिकारियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर चौधरी के कार्यकाल की सराहना की।
कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सीसवाली के शाखा प्रबंधक ओमप्रकाश चौधरी, एसबीआई के उप शाखा प्रबंधक सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्पोर्ट्स कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नितिन चौधरी का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि नितिन चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान बैंकिंग सेवाओं को अधिक जनहितकारी और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही उन्होंने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित कर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का भी सराहनीय कार्य किया। उनके नेतृत्व एवं सहयोगात्मक कार्यशैली ने उन्हें आमजन के बीच विशेष पहचान दिलाई।
स्पोर्ट्स कमेटी के मीडिया प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि नितिन चौधरी का व्यवहार सदैव मिलनसार, सहज एवं सहयोगपूर्ण रहा। उन्होंने बैंक ग्राहकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर लोगों का विश्वास जीता। उनके द्वारा किए गए कार्यों को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
अपने उद्बोधन में नितिन चौधरी ने स्पोर्ट्स कमेटी एवं सीसवाली की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीसवाली में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों का हिस्सा रहेगा। यहां के लोगों से मिला प्रेम, सम्मान और अपनापन वे कभी नहीं भूल पाएंगे।
स्नेह मिलन कार्यक्रम के दौरान खेल गतिविधियों के विस्तार, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा सामाजिक समरसता एवं एकता को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अब्दुल सलाम, राधेश्याम नागर, यूसुफ पठान, महबूब खान, महेंद्र प्रताप नागर, रोहित नागर, सुरेंद्र सिंह हाड़ा, यूनुस पठान, श्यामस्वरूप शर्मा, गिरिराज मीणा, प्रदीप मीणा, कालू पठान, मुकेश गोचर, सत्येंद्र भाया, बबलू गुर्जर, महावीर राठौर, धर्मराज मीणा, मंसूर खान, राजू गौतम, अशोक मीणा, फैजल खान, जावेद डायमंड, शोएब खान, आरिफ नसीब, सत्यनारायण सुमन, तालिब हुसैन, जाहिद अंसारी, नाजिद अंसारी, इमरान शाह, रऊफ लाला सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नितिन चौधरी के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।