चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर राजधानी में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली मेट्रो के 10 प्रमुख स्टेशनों पर पुराने कपड़ों के कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे। इन बॉक्स में जमा कपड़ों को रीसाइक्लिंग और अपसाइक्लिंग के जरिए उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ रहे कपड़ा अपशिष्ट को कम करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इस योजना के तहत पुराने कपड़ों से बैग, दरी समेत कई उपयोगी सामान तैयार किए जाएंगे, जबकि शेष कपड़ों को रीसाइकल कर यार्न, फाइबर और नॉन-वोवन फेल्ट जैसे उत्पाद बनाए जाएंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने शाहदरा, मोहन एस्टेट, रोहिणी वेस्ट, लाजपत नगर, मालवीय नगर, मयूर विहार फेज-1, हौज खास, पंजाबी बाग वेस्ट, द्वारका और शालीमार बाग स्टेशनों को इस पहल के लिए चुना है। इन स्टेशनों पर विशेष कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे, जहां लोग अपने अनुपयोगी कपड़े जमा करा सकेंगे।
सरकार के अनुसार, इस अभियान में गैर सरकारी संगठनों और स्वयं सहायता समूहों की भी भागीदारी होगी। डीएमआरसी चयनित स्टेशनों पर अपसाइक्लिंग उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए विशेष स्थान भी उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनसहभागिता आधारित पर्यावरणीय अभियानों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाया जाएगा। योजना की ब्रांडिंग ‘दिल्ली मेट्रो लेडीज वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन’ के नाम से की जाएगी।