
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
रामनगरी अयोध्या स्थित श्रीराम चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा विभाग एवं पुराने मेडिकल वार्ड के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण सोमवार को सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया इस अवसर पर विधायक ने कहा कि अयोध्या में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अस्पताल में किए गए इस उन्नयन से मरीजों को आधुनिक और बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी अस्पताल प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि जीर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत पुराने इमरजेंसी ब्लॉक, एक्स-रे कक्ष और ओल्ड वार्ड का पूरी तरह नवीनीकरण किया गया है। इसमें नई फ्लोरिंग, फॉल्स सीलिंग, आधुनिक बेड, एसी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं जोड़ी गई हैं। साथ ही अस्पताल उन्नयन मद से फाउलर बेड, आईसीयू, ओटी, इमरजेंसी और डेंटल विभाग के लिए उच्च गुणवत्ता के उपकरण भी खरीदे गए हैं।
कार्यक्रम में अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अयोध्या मंडल डॉ. बृजेश सिंह राठौर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वी.के. वर्मा, अस्पताल अधीक्षक विनोद कुमार वर्मा, प्रशासनिक अधिकारी यश प्रकाश सिंह सहित चिकित्सक, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे अंत में अतिथियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए अस्पताल प्रशासन की सराहना की।