
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष की घोषणा के बाद अब महानगर कार्यकारिणी और पदाधिकारियों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रदेश नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अनिल यादव ने शनिवार को सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में महानगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने तथा नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर विभिन्न नामों पर चर्चा की ग।
बैठक में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, अभिषेक मिश्र, बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह मौजूद रहे। क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह व विधायक वेद प्रकाश गुप्ता वचुर्अल रूप से बैठक में शामिल हुए।
बैठक के बाद संभावित पदाधिकारियों के नामों को सूचीबद्ध किया गया है, जिसे प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा। प्रदेश स्तर से अनुमोदन मिलने के बाद महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव द्वारा नई महानगर कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
पर्यवेक्षक अनिल यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकारिणी का गठन बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर विचार किया जा रहा है, जिन्होंने संगठन के विस्तार और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी की नीति के अनुरूप नई कार्यकारिणी में 33 प्रतिशत महिलाओं को स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भाजपा की ताकत है और उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे लाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महानगर कमेटी में कुल 21 पदाधिकारी, 90 कार्यसमिति सदस्य और 15 विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। पदाधिकारियों में अध्यक्ष के अलावा आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ मंत्री और एक कोषाध्यक्ष शामिल होंगे। इसके साथ ही मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी, आईटी संयोजक और कार्यालय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व भी तय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी में समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा, ताकि संगठन को और व्यापक तथा प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम भाजपा की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।