
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
बीकापुर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद शिक्षा निकेतन, डेहरियावां में आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति, सामाजिक चेतना और शैक्षिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बना। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशप्रेम से ओत-प्रोत गीतों, प्रेरणादायी नाटकों तथा भ्रूण हत्या और स्त्री शिक्षा जैसे ज्वलंत सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंगठन, अयोध्या के जिलाध्यक्ष बलराम तिवारी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के भीतर राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और आत्मविश्वास का बीजारोपण करते हैं। आज के ये बच्चे ही कल के जागरूक नागरिक बनेंगे।
उन्होंने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्रतिष्ठा तिवारी को साइकिल, द्वितीय पुरस्कार अनन्या मिश्रा को सीलिंग फैन तथा तृतीय पुरस्कार कंचन को प्रेस मशीन प्रदान की गई।
विद्यालय के प्रबंधक केदारनाथ पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि बच्चों में राष्ट्रभक्ति, संस्कार और सामाजिक चेतना का विकास करना है। स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित होकर हमारा विद्यालय इसी लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर है।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और देश के महापुरुषों के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों एवं क्षेत्रीय जनसमुदाय के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और शिक्षा के संदेश के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रतिमा पांडे और विद्यालय के डायरेक्टर रंजीत प्रजापति ने बच्चों के शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान स्वदेश तिवारी, पंकज तिवारी, राजेश उपाध्याय, एडवोकेट महेंद्र कुमार मिश्रा, वेदप्रकाश तिवारी, प्रदीप कुमार तिवारी व अनंतराम के साथ दर्जनों गणमान्य लोग एवं बच्चे उपस्थित रहे।