
चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद ने आज सोमवार को दिल्ली सचिवालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी पर लगातार झूठ फैलाने और प्रशासनिक अराजकता पैदा करने के आरोप लगाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि तथाकथित स्वघोषित बेरोजगार नेता और आम आदमी पार्टी के कथित राष्ट्रीय नेता सोशल मीडिया के माध्यम से दिल्ली के सामाजिक ताने-बाने को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर यह झूठा अभियान चलाया गया कि दिल्ली के शिक्षकों को आवारा कुत्तों की गिनती के लिए लगाया गया है, जबकि ऐसा कोई आदेश या सर्कुलर मौजूद नहीं है। श्री सूद ने आम आदमी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि ऐसा कोई आदेश है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा दिल्ली की जनता से माफी मांगी जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के तहसीलदारों और सब-रजिस्ट्रारों के सस्पेंशन को लेकर भी झूठ फैलाकर प्रशासनिक अराजकता फैलाने की कोशिश की। शिक्षा मंत्री ने सवाल उठाया कि आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचारियों से इतना प्रेम क्यों है, जबकि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
श्री सूद ने यह भी कहा कि 25 दिसम्बर के आसपास आम आदमी पार्टी ने झूठा ट्वीट किया कि दिल्ली सरकार ने स्कूलों में सांता क्लॉस बनकर आने वाले बच्चों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई आदेश है तो आम आदमी पार्टी उसे सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही।
डीएसएसबी से जुड़े मुद्दों पर भी आम आदमी पार्टी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में ही डीएसएसबी के माध्यम से लगभग 16,000 अभ्यर्थियों को पास किया गया था, जो आम आदमी पार्टी की प्रशासनिक अक्षमता और विफलता को दर्शाता है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने चुनाव में आम आदमी पार्टी के तथाकथित शिक्षा मॉडल, शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और तथाकथित भारत रत्न के दावेदारों को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की राजनीति को फ्रॉड, फोर्जरी और झूठ पर आधारित बताते हुए कड़ी निंदा की।
प्रेस वार्ता में श्री सूद ने कहा कि आम आदमी पार्टी न तो दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में कोई ठोस काम कर पाई और न ही प्रशासनिक स्तर पर विकास कर सकी। उन्होंने केवल झूठ और शोर के सहारे आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति की।
अंत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनहित से जुड़े कार्य कर रही है, इसी कारण आम आदमी पार्टी सोशल मीडिया के माध्यम से झूठ और अफवाह फैलाकर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।