
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
थाना इनायतनगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना इनायतनगर क्षेत्रान्तर्गत मु0अ0सं0 459/2025 धारा 319(2), 318(4), 317(2) बीएनएस से संबंधित इस प्रकरण में पुलिस ने घटना का सफल अनावरण किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 01 सितंबर 2025 को ग्राम सेवरा मोड़ निवासी वादी अनिल कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। अभियुक्त ने स्वयं को एक फाइनेंस कंपनी का एरिया मैनेजर बताते हुए ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर छल व धोखाधड़ी की और वादी से 2 लाख 80 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। जनपद स्तरीय साइबर सेल, सर्विलांस टीम एवं एंटी थेफ्ट टीम के सहयोग से वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। जांच में सामने आया कि अभियुक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वाहन खरीदने-बेचने के इच्छुक लोगों से संपर्क कर नीलामी व रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगी करता था।
पुलिस ने अभियुक्त चन्द्रप्रकाश वर्मा उर्फ गुड्डू वर्मा उर्फ संजय निवासी जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से मोबाइल फोन, 4000 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल तथा बैंक खातों में लीन होल्ड धनराशि बरामद की गई है। अभियुक्त को न्यायालय भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।