
पेज 3 न्यूज़
नई दिल्ली, 23 दिसंबर।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली में एक स्मरणीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) महिला प्रकोष्ठ की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कमलेश सेहरावत-मलिक के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों, खाप प्रतिनिधियों और महिला नेताओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य चौधरी चरण सिंह के विचारों और किसान व ग्रामीण भारत के लिए उनके संघर्ष को याद करना रहा। इस अवसर पर भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली पार्षद स्मिता अंजू अमन कुमार, सर्वखाप पालम 360 के अध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी, सेहरावत खाप के अध्यक्ष धरा सिंह प्रधान, रणबीर प्रधान, सुरेश प्रधान, जय प्रकाश प्रधान और दिल्ली के पूर्व पार्षद नारायण सिंह सहित कई प्रमुख गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को देश के लिए मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलेश सेहरावत-मलिक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक पूर्व प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वे भारत के गांवों, किसानों और वंचित वर्गों की सशक्त आवाज थे। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन चौधरी चरण सिंह की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें सामूहिक नेतृत्व और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी को राष्ट्रीय हित के लिए जरूरी माना गया।