दिल्ली। आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की धर्मपत्नी श्रीमति मल्लिका नड्डा ने दक्षिणी दिल्ली स्थित प्राचीन व प्रसिद्ध माँ कालका मंदिर में पहुंचकर माँ के दर्शन किए। उन्होंने शांत भाव से पूजा-अर्चना की और माता से राष्ट्र की प्रगति, परिवार की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।
श्रीमति मल्लिका नड्डा इससे पहले भी कई अवसरों पर कालकाजी मन्दिर दर्शन करने आती रही हैं। माँ कालका के प्रति उनकी श्रद्धा और आस्था बहुत गहरी रही है। मंदिर के ऊर्जावान वातावरण में उन्होंने कुछ समय ध्यान लगाया और माता के चरणों में नमन किया।
दर्शन के उपरांत उन्होंने कालिका पीठाधीश्वर महंत श्री सुरेन्द्र नाथ अवधूत जी से भेंट कर आशीर्वाद लिया। महंत जी ने उन्हें मंदिर के इतिहास, आध्यात्मिक परंपरा और चल रहे धार्मिक कार्यों के विषय मे चर्चा की। महंत सुरेन्द्र नाथ अवधूत जी ने उन्हें माँ कालका की कृपा, स्वास्थ्य, मनोबल और सफलता का आशीर्वाद दिया।
श्रीमती नड्डा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “माँ कालका की अनुकंपा सदैव हम सभी पर बनी रहती है। यहाँ आकर मन को अद्भुत शांति मिलती है।”

