नई दिल्ली (चंदन सिंह, पेज 3 न्यूज़ ब्यूरो): दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शनिवार को रोहिणी के वार्ड 51-सी में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमसीडी, डीडीए और दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री श्री इन्द्राज ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत दिल्ली को साफ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार कार्य हो रहे हैं। सेवा बस्तियों, जे.जे. कॉलोनियों और सेक्टरों में सफाई व्यवस्था में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
रोहिणी सेक्टर-2, 3 और 4 के कूड़ा घरों, पार्कों, वरिष्ठ नागरिकों के मनोरंजन केंद्रों, जल निकासी और अतिक्रमण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पार्कों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और उनमें खेल सुविधाओं के विकास का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए पार्कों में खेल सुविधाओं का होना आवश्यक है, ताकि उनकी मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस भी सुनिश्चित की जा सके।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कूड़ा घरों के संचालन में सुधार के लिए कॉम्पैक्टर वाहन की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया, ताकि कचरे का निस्तारण समयबद्ध और प्रभावी ढंग से हो सके।
धर्मवीर सोलंकी पार्क के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्क की नियमित सफाई और रखरखाव किया जाए, क्योंकि यह क्षेत्रवासियों के दैनिक उपयोग का प्रमुख स्थल है। इसके अलावा, मंत्री ने सेवा बस्तियों में जलभराव की समस्या को हल करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत और अपग्रेडेशन के आदेश दिए।
समाज कल्याण मंत्री ने सेक्टर-3 में स्थित वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र का निरीक्षण किया और बुजुर्गों के लिए लाइब्रेरी की सुविधा शुरू करने का आदेश दिया। उन्होंने केंद्र में पानी की आपूर्ति में सुधार करने के लिए भी निर्देश दिए।
मंत्री ने डीडीए की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को तुरंत हटाने और उस क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही, उन्होंने सेक्टर-3 में स्थित डीडीए के भवन में खेल सुविधाओं के विकास का भी आदेश दिया, ताकि स्थानीय युवाओं और बच्चों को बेहतर खेल संसाधन मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद धर्मबीर शर्मा, स्थानीय लोग और आरडब्लूए सदस्य भी मौजूद थे।
इस निरीक्षण के बाद मंत्री श्री इन्द्राज ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वच्छता और सुविधाओं की स्थिति में तेजी से सुधार लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं मिल सकें।
