चंदन सिंह, पेज 3 न्यूज वर्ल्डवाइड
मृतकों के परिजनों को 10 लाख, घायलों को मिलेगा उचित मुआवजा – सरकार बोली, हर जान अनमोल
नई दिल्ली (पेज 3 न्यूज वर्ल्डवाइड ब्यूरो):
लालकिला क्षेत्र में हुए भयानक विस्फोट से मची तबाही के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का असमय निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, और दिल्ली सरकार इस कठिन समय में हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि विस्फोट में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा अस्थायी रूप से अशक्त हुए पीड़ितों को 5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये, तथा साधारण घायलों को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि राहत वितरण की प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को सहायता राशि मिलने में विलंब न हो। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी पीड़ितों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “लालकिला क्षेत्र में हुआ यह हादसा न केवल प्रभावित परिवारों के लिए, बल्कि पूरी दिल्ली के लिए एक गहरा आघात है। हम सभी दिल्लीवासी इस दुख की घड़ी में एकजुट हैं। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी परिवार को अकेला महसूस न हो।”
