महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या का पारंपरिक एवं ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला का सफल एवं शांतिपूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। मेले का संपूर्ण संचालन जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवम एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में किया गया, जिसके परिणामस्वरूप मेले में आए श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरंतर निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा मेडिकल टीम, एम्बुलेंस सेवा एवं नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर के निर्देशन में मेले में आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई, वहीं यातायात पुलिस ने भीड़ के दबाव को ध्यान में रखते हुए सुचारू यातायात सुनिश्चित किया। नगर निगम द्वारा मेला क्षेत्र में सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं सार्वजनिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा का प्रतीक है। प्रशासन का प्रयास रहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण प्रदान किया जाए। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म स्नान, पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहा।
