कुछ बोझ दिखाई नहीं देते,मगर रूह को थका जाते हैं,
कुछ दर्द लफ़्ज़ों में नहीं ढलते,आँखों में उतर आते हैं
चेहरे पर मुस्कान सजाकर,इंसान सबको बहलाता है,
भीतर कितनी हलचल है,यह कोई कहाँ समझ पाता है।
कभी जिम्मेदारियों का बोझ,कभी रिश्तों की लाचारी है,
कभी अपनों की उम्मीदें हैं, कभी खामोशी की बीमारी है।
रोज़ खुद को मजबूत दिखाना भी एक इम्तिहान होता है,
जो सबका सहारा बनता है,भीतर से परेशान होता है।
कुछ बातें दिल में दबी रहें,तो साँसों पर भार बनती हैं,
कुछ अधूरी ख्वाहिशें जीवन में,अनकही पुकार बनती हैं।
हर शिकन का कारण दुनिया की नज़रों में नहीं आता,
कभी हँसता हुआ चेहरा भी, अपने दर्द को छुपाता है।
न हर थकान का इलाज दवा,न हर दर्द की जुबान होती है
एक सच्चे अपने की मौजूदगी सबसे बड़ी राहत होती है।
दो मीठे बोल,थोड़ा अपनापन,मन का बोझ घटा देते हैं,
जो दर्द समझ लेते हैं, वे बिन कहे मरहम लगा देते हैं।
किसी की खामोशी को उसकी कमजोरी मत समझना,
मुस्कान को उसके जीवन की पूरी कहानी मत समझना।
किशन हर इंसान के भीतर कोई अनकहा संघर्ष पलता है
कुछ बोझ दिखते नहीं, उठाने वाला रोज़ बदलता है।


