सिंहस्थ कुंभमेले के निमित्त आयोजित ध्वजारोहण समारोह में राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति; वंशपरंपरागत तीर्थपुरोहित श्री अतुल अरविंद जोशी ने वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया धार्मिक अनुष्ठान।
त्र्यंबकेश्वर। भारत में आयोजित होने जा रहे पवित्र सिंहस्थ कुंभमेले की पावन पृष्ठभूमि में शनिवार को श्रीक्षेत्र त्र्यंबकेश्वर में भव्य ध्वजारोहण समारोह संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने भगवान श्री त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर विधि-विधान एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना की।
इस पावन धार्मिक अनुष्ठान को त्र्यंबकेश्वर पुरोहित संघ के प्रतिनिधि, वंशपरंपरागत तीर्थपुरोहित एवं श्री त्र्यंबकेश्वर देवस्थान के वंशपरंपरागत वतनदार श्री अतुल अरविंद जोशी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं शास्त्रोक्त विधि से संपन्न कराया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति महोदया ने समस्त देशवासियों की ओर से भगवान श्री त्र्यंबकेश्वर के श्रीचरणों में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, सुरक्षा, आरोग्य तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए मंगलकामना एवं प्रार्थना अर्पित की।
यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं राष्ट्रहित की उदात्त भावना का अलौकिक संगम बना। महामहिम राष्ट्रपति की उपस्थिति में भगवान श्री त्र्यंबकेश्वर का विधिवत अभिषेक एवं पूजन संपन्न होना श्रीक्षेत्र त्र्यंबकेश्वर की प्राचीन धार्मिक परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय क्षण रहा।
इस ऐतिहासिक अवसर ने श्रीक्षेत्र त्र्यंबकेश्वर की सनातन संस्कृति, वैदिक परंपरा तथा वंशपरंपरागत तीर्थपुरोहितों की गौरवशाली धार्मिक भूमिका को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान प्रदान की।
हर हर महादेव!
जय श्री त्र्यंबकेश्वर!
