महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मकबरा इलाके में आभूषण व्यवसायी से हुई लूट की घटना का एसएसपी ने किया खुलासा।
दो आरोपी गिरफ्तार एक फरार
29 अक्टूबर की शाम अमृतसर निवासी आभूषण व्यवसायी सुखविंदर सिंह ई-रिक्शा से होटल जा रहे थे, तभी मकबरा से करीब 100 मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया था।
पीड़ित सुखविंदर सिंह विभिन्न जनपदों में दुकानों पर जाकर आभूषण बेचने का काम करते हैं। घटना के दिन वह अयोध्या में भी दुकानों पर जेवर दिखा रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस शिवगंगा दुकान पर पीड़ित आभूषण बेचने गए थे, वहीं से लूट की साजिश रची गई थी।
दुकान मालिक के बेटे रौनक सिंह और दुकान के सेल्समैन अभिषेक सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।
दुकान से निकलने के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल से सुखविंदर सिंह का पीछा किया और रास्ते में उनका बैग छीनकर फरार हो गए।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा करते हुए रौनक सिंह और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
लूटे गए करीब 306 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत 30 से 35 लाख रुपये आंकी गई है, पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
पीड़ित सुखविंदर सिंह ने अयोध्या पुलिस की कार्रवाई और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और उनका पूरा माल बरामद करा दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी पुलिस हर प्रदेश में होनी चाहिए।
