महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
संजय सिंह अपने पैतृक आवास सुल्तानपुर जाने के लिए अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
वोट चोरी के मुद्दे पर संजय सिंह ने दावा किया कि देश में 13 करोड़ 37 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर SIR की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन 13 करोड़ 37 लाख लोगों में केवल 1600 विदेशी नागरिक मिले।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1 करोड़ 27 लाख हिंदुओं के नाम कटने संबंधी बयान पर संजय सिंह ने सवाल उठाए। पूछा कि पहले इस मुद्दे पर आवाज क्यों नहीं उठाई गई।
संजय सिंह ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने पश्चिम बंगाल, दिल्ली, बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव रद्द कर दोबारा कराने की मांग की।
इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है, लेकिन वोट चोरी का मुद्दा दोनों के बीच समान है।
उत्तर प्रदेश की पहचान पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि यह भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की धरती है। काशी, मथुरा और अयोध्या की पहचान वाले उत्तर प्रदेश की तुलना रावण की लंका से करना गलत है।
आजम खान की गिरफ्तारी पर संजय सिंह ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए इसे तानाशाही और अत्याचार बताया। वहीं, यूपी में पार्टी के संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि संसदीय बोर्ड इस संबंध में फैसला लेगा।
