चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
लक्ष्मी नगर से कांग्रेस मुख्यालय की ओर कूच कर रहीं महिला कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेकर शकरपुर थाने पहुंचाया
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम की पार्टी से बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद संगीता यादव तथा दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शनकारी पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के निकट एकत्र हुईं और नारेबाजी करते हुए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ीं। हालांकि, कुछ कदम आगे बढ़ने पर दिल्ली पुलिस ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें शकरपुर थाने ले गई।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन, महामंत्री अर्चना गुप्ता तथा प्रभारी आरती मेहरा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहीं। ऋचा पांडेय समेत अन्य नेताओं ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
‘बेटियों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा’: संगीता यादव
संगीता यादव ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा छात्राओं को न्याय दिलाने और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में छात्राओं के यौन उत्पीड़न के मामले में संबंधित सांसद के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से सांसद को पार्टी से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में दोषियों को सजा मिले और पीड़िताओं को न्याय मिले।
कांग्रेस पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल
दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस मामले में जवाबदेही तय करने और कार्रवाई की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महिला मोर्चा की महामंत्री अर्चना गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन, उपाध्यक्ष ऋचा पांडेय और प्रभारी आरती मेहरा ने भी प्रदर्शन के दौरान अपनी बात रखी। सभी ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई, सांसद की पार्टी से बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन में महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी हिमांशी पांडेय, मीरा पहाड़िया और सुमन लता डागर, जिला अध्यक्ष कंचन महेश्वरी एवं रोजी सूद सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
