चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बवाना विधानसभा क्षेत्र में पांच प्रमुख विकास कार्यों की सौगात दी गई। समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री और बवाना से विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कुतुबगढ़, पुठ खुर्द और मुंगेशपुर गांवों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
मंत्री ने कहा कि मजबूत आधारभूत ढांचा ही सशक्त ग्रामीण समाज की पहचान है और गांव-गांव तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
कुतुबगढ़ में सड़क और नालियों का निर्माण
कुतुबगढ़ गांव में दिल्ली ग्राम विकास फण्ड के अंतर्गत श्मशान घाट रोड एवं नालियों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। साथ ही नए फिरनी रोड और नालियों के निर्माण कार्य का उद्घाटन तथा पुराने फिरनी रोड व नालियों के निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
पुठ खुर्द में गंगा टोली रोड और नालों के विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। वहीं मुंगेशपुर गांव में नहर वाले रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र में सड़क, पानी और आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी।
‘फंड की नहीं होगी कमी’
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ये शिलान्यास केवल ईंट-पत्थर का कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के विश्वास और बेहतर जीवन की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का विज़न विकास को केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित न रखकर गली, मोहल्ले और गांव स्तर तक पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक को समान रूप से सुविधाओं का लाभ मिल सके। दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड से क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
कनेक्टिविटी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मंत्री ने कहा कि सड़कों, नालियों, ड्रेनेज सिस्टम, पार्कों और सामुदायिक स्थलों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे आवागमन सुगम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘आरोग्य मंदिर’ लगातार खोले जा रहे हैं। साथ ही नई पाइपलाइन और ट्यूबवेल की स्थापना से जल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
‘घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर विकास’
मंत्री ने कहा कि वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपेक्षित रहीं, लेकिन वर्तमान सरकार गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर बवाना विधानसभा क्षेत्र विकास और सुविधाओं का सशक्त मॉडल बनकर उभरेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।